
देश में कोरोना के बढ़े हुए मामलों को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
‘देश में कोरोना के बढ़े हुए मामलों के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार’… यह कहना है छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का, जिन्होंने केंद्र पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सलाह के बाद मार्च के पहले हफ्ते में ही हम लोगों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। जिस कारण हम महामारी कोरोना वायरस को रोकने में सफल रहें।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा, “कोरोना को भारत में घुसने से रोकने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की थी. अगर सभी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों को क्वारनटीन में रखा जाता, तो कोरोना को रोका जा सकता था. मैंने इस पर मार्च के पहले सप्ताह में राहुल गांधी की सलाह पर काम किया. हम महामारी को रोकने में सफल रहे”।
प्राइवेट लैब में हो फ्री टेस्ट
प्राइवेट लैब में महामारी कोरोना की जांच को लेकर बघेल ने कहा, कोर्ट के निर्देश के अनुसार प्राइवेट लैब में सुविधा फ्री होनी चाहिए इसका आने वाला सभी खर्च केंद्र सरकार को उठाना चाहिए बघेल ने कहा कि राज्य में 76 हजार लोग क्वारनटीन है। राज्य की सीमाओं को सील रखा गया है और गांव स्तर पर सीलिंग की कार्रवाई भी की जा रही है।
वहीं गांव लौटने वाले प्रवासी मजदूरों को लेकर बघेल ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को गांव की सीमा के बाहर रखा गया है। उनके लिए हर तरह की सुविधा मुहैया कराई गई है। केंद्र से मांग करते हुए बघेल ने कहा कि उनके जनधन खातों में 500 की बजाय 750 रुपये भेजे जाने चाहिए और उनकी तीनों किस्तों को एक साथ ही भेजें। इसके साथ ही बघेल ने कहा पैसों का भुगतान परिवार के सदस्य के आधार पर हो।
लॉक डाउन को लेकर पीएम से होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
लॉकडाउन की अवधि को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने कहा 11 अप्रैल को पीएम मोदी के साथ इस मुद्दे पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग है हम इसका इंतजार कर रहे हैं कि केंद्र हमें बताएं कि लॉक डाउन को आगे बढ़ाना है या नहीं?।

0 Comments